दो दिवसीय लाखामंडल महोत्सव का हुआ समापन
लाखामंडल महोत्सव के दूसरे दिन हिमाचल के प्रसिद्ध लोक गायक कुलदीप शर्मा ने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। समापन के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने कहा कि अपनी पौराणिक संस्कृति को बचाए रखने के लिए इस प्रकार के आयोजन जरूरी हैं।
दूसरे दिन के कार्यक्रम की शुरुआत योगाभ्यास के साथ हुई। इसके पश्चात हिमाचल के प्रसिद्ध लोक गायक व नाटी किंग कुलदीप शर्मा ने दरोगा जी छोरुआ नु समाझांई आंदे जांदे सिटी मारदे, मेरी सरला, पहाड़ी बंदे बड़े मस्त होंदे की प्रस्तुति देकर मौजूद श्रोताओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। गायक सौरभ मैठाणी, सौरभ भारद्वाज, करिश्मा शाह, दीक्षा बडोनी और आकाश नेगी ने भी अपने गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान का पारंपरिक ढोल-ढमाऊ के साथ स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से संस्कृति को बचाए रखने में मदद मिलती है। कार्यक्रम के आयोजक गीता राम गौड़ ने जिला पंचायत अध्यक्ष व खत बौंदूर के निवासियों का आभार जताया। इस दौरान लगाए गए सरकारी विभागों के स्टॉल व मैक्स अस्पताल के स्वास्थ्य शिविर का लाभ भी ग्रामीणों ने उठाया। इस अवसर पर सुशील गौड़, विजय सिंह चौहान, संतराम शर्मा, पद्म सिह, विजयपाल सिह, जयपाल आर्य, मोहनलाल आर्य आदि मौजूद रहे।