यमकेश्वर। विकासखंड यमकेश्वर के ग्राम वीर काटल और जामल में गुलदार और भालू की लगातार बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जिला पंचायत सदस्य और ग्रामीणों ने डीएफओ को ज्ञापन देकर जंगली जानवरों से सुरक्षा की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य गुमाल गांव कविता डबराल ने बताया कि जंगली जानवर लगातार आबादी के आसपास दिखाई दे रहे हैं। पालतू मवेशियों को अपना शिकार बना रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों पर जानलेवा हमले का खतरा भी बना हुआ है। जंगली जानवरों की सक्रियता के कारण ग्रामीण शाम ढलने के बाद घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण विशेष रूप से चिंतित हैं। उन्होंने इस संबंध में लैंसडौन वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी को पत्र भेजकर क्षेत्र में वन विभाग की ओर से ट्रैप कैमरा लगाने, सोलर लाइट लगाने और गश्त बढ़ाने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।