यमकेश्वर। विकासखंड यमकेश्वर के रिखेड़ा गांव में गुलदार की दहशत फिर से बढ़ गई है। बुधवार शाम गुलदार ने एक बकरी को मार दिया। पशुपालक रंजना देवी की बकरी घर के समीप ही खेतों में चर रही थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने बकरी पर हमला कर दिया और उसे निवाला बना दिया। बकरी के चिल्लाने की आवाज सुनकर पशुपालक परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक गुलदार बकरी को घसीट कर ले जा चुका था। काफी खोजबीन के बाद बकरी का शव कुछ दूरी पर बरामद किया गया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाने की मांग की है ताकि गुलदार को पकड़ा जा सके और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। ग्रामीण विपिन लखेड़ा ने बताया कि गांव में बड़ी संख्या में गुलदार देखे जा रहे हैं। लालढांग रेंज अधिकारी अनुराग जोशी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, मौके पर टीम भेजी जा रही है।