- सीसीटीवी में कैद हुई गुलदार की चहलकदमी
रायवाला। राजाजी टाइगर रिजर्व से सटे छिद्दरवाला क्षेत्र में गुलदार की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार की रात गुलदार ने मीना देवी की बछिया पर हमला कर उसे मार दिया। आए दिन गुलदार की चहलकदमी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो रही है जिससे खतरा बना हुआ है। शुक्रवार को ओणेश्वर मंदिर के समीप एक गुलदार जाता हुआ दिखाई दिया। मंदिर के पास लगे लगे सीसीटीवी में गुलदार दिखाई देने के बाद ग्रामीण और दहशत में आ गए। ग्राम प्रधान गोकुल रमोला ने बताया कि वन विभाग की ओर से जनता की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन वन विभाग अनहोनी के इंतजार में बैठा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग बड़कोट रेंज और राजाजी टाइगर रिजर्व मोतीचूर रेंज की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। बड़कोट रेंज अधिकारी गणेश उनियाल ने कहा कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा।