बडोली बड़ी में गुलदार ने महिला पर किया हमला, घायल
- यमकेश्वर में नहीं थम रही गुलदार और बाघ की दहशत
यमकेश्वर। विकासखंड यमकेश्वर के बडोली बड़ी गांव में गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। गुलदार ने यह स्कूल के निकट किया। महिला अपने खेत में पशु चरा रही थी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे अनिता देवी (45) पत्नी जयमल सिंह निवासी बडोली बड़ी गांव स्थित बडोली प्राथमिक स्कूल के निकट खेत में गाय चराने गई थी। तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर पीछे से हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर से दौड़ पड़े। हो हल्ला कर गुलदार को भगाया गया । हमले में महिला की पीठ पर गुलदार के नाखूनों के गहरे निशान हैं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत सीएचसी यमकेश्वर पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में एक से डेढ़ महीने से गुलदार की चहलकदमी देखी जा रही है, एक साथ तीन से चार गुलदार दिखाई दे रहे हैं, शिकायत के बावजूद लैंसडौन वन प्रभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
-
कोट-
बडोली गांव में महिला पर गुलदार के हमले की सूचना मिली है। टीम भेजी जा रही है। महिला की पूरी मदद की जाएगी।
- गौरव वर्मा, डीएफओ, लैंसडौन