रजिस्ट्री प्रक्रिया में वर्चुअल व्यवस्था लागू करने का जमीनों की रजिस्ट्री से जुड़े अधिवक्ताओं ने विरोध किया। जिससे उप निबंधक कार्यालय में रजिस्ट्री नहीं हो पाई। वहीं अधिवक्ताओं ने मंगलवार को भी कार्य बहिष्कार की घोषणा की है।
रजिस्ट्री में वर्चुअल व्यवस्था लागू करने के विरोध में अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पंचम सिंह मियां के नेतृत्व में उप निबंधक हरीश चंद्र से वार्ता की। लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
उन्होंने कहा कि वर्चुअल व्यवस्था लागू होती है तो कई अधिवक्ताओं के रोजगार पर संकट आ सकता है। नई व्यवस्था लागू होने से लोगों की निजी जानकारियों का गलत इस्तेमाल हो सकता है। अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार के कारण एक भी रजिस्ट्री नहीं हो पाई।
ऋषिकेश उप निबंधक कार्यालय में प्रतिदिन 35 से 40 रजिस्ट्री होती हैं। जो लोग हरिपुर कलां, गुमानीवाला, श्यामपुर, भोगपुर से रजिस्ट्री कराने के लिए आए थे, उन्हें बैरंग वापस लौटना पड़ा।एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि जब तक शासन की ओर रजिस्ट्री में वर्चुअल व्यवस्था को वापस नहीं लिया जाता तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
वार्ता करने वालों में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पंचम सिंह मियां, कपिल शर्मा, अजय ठाकुर, राजीव बहुगुणा, नवीन रावत, संजय कंसवाल आदि शामिल रहे।