एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे ने दूसरे फेज में 10 जुलाई से शुरू होने वाली नीलकंठ कांवड़ यात्रा को देखते हुए लक्ष्मणझूला से नीलकंठ मंदिर तक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस को भीड़ नियंत्रित रखने के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए।
रविवार को एसएसपी श्वेता चौबे ने बारिश के बीच गरुड़चट्टी, फूलचट्टी, रत्तापानी, पीपल कोटी, जिला परिषद बैरियर, टैक्सी यूनियन बैरियर, नीलकंठ पार्किंग सहित मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को जिम्मेदारियों से निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया। भीड़ के समय मंदिर परिसर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगवाने को कहा। नीलकंठ क्षेत्र में डाक कांवड़ के दौरान वाहनों को पार्किंग में व्यवस्थित तरीके से खड़ा करवाने के निर्देश दिए।
साथ ही क्षेत्र में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी बनाए रखने को निर्देशित किया। सुरक्षा के दृष्टिगत बम डिस्पोजल स्क्वाड को मंदिर परिसर, जिला परिषद पार्किंग के आसपास दिन रात सघन चेकिंग के लिए कहा। इसके अलावा तैनात पुलिस बल को श्रदालुओं से विनम्रता पूर्वक व्यवहार करने, कोई भी घटना होने पर तत्काल उच्चधिकारियों को सूचित करने, यातायात व शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।