बाजारों से लड्डू गोपाल के गर्म कपड़े खरीदती महिला।संवाद
- श्रद्धालु अपने आराध्य देव को सर्दी से बचाने के लिए खरीद रहे विशेष गर्म कपड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। बढ़ती सर्दी का असर अब धार्मिक परंपराओं में भी साफ दिखाई देने लगा है। तीर्थनगरी के बाजारों में जहां लोग अपने लिए स्वेटर, जैकेट और शॉल की खरीदारी कर रहे हैं तो वहीं भगवान लड्डू गोपाल के लिए भी ऊनी वस्त्रों की मांग तेजी से बढ़ गई है। श्रद्धालु अपने आराध्य को सर्दी से बचाने के लिए विशेष गर्म कपड़े खरीद रहे हैं और उन्हें नए वस्त्र धारण करा रहे हैं। इस बार वृंदावन और मथुरा से आए नए डिजाइन के ऊनी वस्त्र लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। घाट रोड बाजार और क्षेत्र रोड बाजार में इन दिनों लड्डू गोपाल के लिए अलग-अलग डिजाइन के नन्हें ऊनी वस्त्र उपलब्ध हैं। इनमें टोपी, इनर, पोंचो, छोटी व बड़ी शॉल, स्वेटर और वेलवेट के वस्त्र शामिल हैं। दुकानदारों के अनुसार इनकी कीमत 30 रुपये से शुरू होकर प्रतिमा के आकार और डिजाइन के अनुसार 250 रुपये तक है। बाजारों में दर्जनों प्रकार के आकर्षक वस्त्र आने से खरीदारी करने वालों की संख्या भी बढ़ी है। महिला ग्राहक वृंदा मिश्रा ने बताया कि जिस प्रकार परिवार के छोटे बच्चों को सर्दी से बचाने के लिए विशेष देखभाल की जाती है, उसी तरह भक्त अपने लड्डू गोपाल का भी पूरा ध्यान रखते हैं। मौसम बदलते ही भगवानजी के वस्त्रों में भी बदलाव किया जाता है, ताकि उन्हें ठंड न लगे। दुकानदार सोहन लाल ने बताया कि जैसे-जैसे ठंड बढ़ रही है। वैसे-वैसे लड्डू गोपाल के लिए छोटे-छोटे गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ती जा रही है।
बाजारों से लड्डू गोपाल के गर्म कपड़े खरीदती महिला।संवाद