ग्राम पंचायत भट्टोंवाला में सक्रिय भूमाफिया ने आवाजाही सुगम बनाने और सरकारी भूमि पर अवैध प्लाटिंग के लिए बंगाला नाले पर पुलिया बना डाली। माफिया ने नाले के बड़े हिस्से को पाटकर अनधिकृत कब्जा भी कर लिया। भनक लगने पर वन विभाग ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। विभागीय अधिकारी के मुताबिक राजनीति में हस्तक्षेप रखने वाले सफेदपोश मामले में दखल नहीं देने का लगातार दबाव बना रहे हैं।
करीब एक महीने पहले भट्टोंवाला में टोंगिया प्लांटेशन में वन भूमि पर हो रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई कर विभाग ने सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया था। विभाग मामले की जांच भी पूरी नहीं कर सका। हौसला बुलंद भूमाफिया ने विभागीय कार्रवाई को धता बताते हुए सरकारी भूमि को ठिकाने लगाने में आड़े आ रहे बंगाला नाले पर रातों रात पक्की पुलिया बना दी।
साथ ही 90 फीट चौड़े नाले को करीब 15 फीट तक पाटकर पक्का पुश्ता भी बना दिया। ताकि प्लाट खरीदने वालों की आवाजाही सुगम हो सके। अवैध निर्माण की शिकायत पर वन विभाग ने कार्रवाई की है। वन क्षेत्राधिकारी गंगा सागर नौटियाल ने बताया कि जेसीबी से नाले के ऊपर बनी अवैध पुलिया और पुश्ते को ध्वस्त कर दिया गया है। लालपानी बीट चौकी इंचार्ज को निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चार घंटे लगे तोड़ने में
वन क्षेत्राधिकारी गंगा सागर नौटियाल ने बताया कि बंगाला नाले पर अवैध पुलिया इतनी मजबूत बनाई गई थी कि उसे ध्वस्त करने में करीब चार घंटे लग गए।
बाढ़ सुरक्षा के बहाने किया कब्जा
विभागीय सूत्रों के मुताबिक बंगाला नाले के किनारे बाढ़ सुरक्षा के इंतजाम के लिए पुश्ता निर्माण की इजाजत मांगी गई थी, लेकिन पुश्ता निर्माण की आड़ में नाले पर ही कब्जा कर लिया। पुश्ता निर्माण करने वाले कौन हैं, इसकी जांच की जा रही है। विभाग ने कार्रवाई की रिपोर्ट वन प्रभागीय अधिकारी दून को भेज दी है।