वन्यजीव कॉरिडोर बचाने, सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति पर युवाओं ने की अपील
ऋषिकेश। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर द हिमाद्री फाउंडेशन ने पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, युवा सहभागिता और वन्यजीव कॉरिडोर संरक्षण का संदेश देने के लिए करीब 50 किमी लंबी बाइक राइड आयोजित की। इसमें 120 राइडर्स शामिल हुए। राइड को ऋषिकेश सिटी सेंटर से कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट और भारत मंदिर के महंत वत्सल जी महाराज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कोतवाल बिष्ट ने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। सात मोड़ क्षेत्र में राइडर्स ने वन्यजीव कॉरिडोर सुरक्षित रखने का संदेश दिया। राइड थानों और देहरादून के विभिन्न मार्गों से होते हुए मालदेवता स्थित रिसॉर्ट पहुंची, जहां पद्म पुरस्कार से सम्मानित पर्यावरणविद डॉ. अनिल प्रकाश जोशी और पर्यावरणविद रेनू पॉल ने राइडर्स का स्वागत किया और पर्यावरण संरक्षण व सतत विकास के प्रति युवाओं को जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियां हुईं तथा राइडर्स को उपहार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।