ढालवाला। टिहरी पुलिस ने हेलमेट जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत एसएसपी श्वेता चौबे ने मुनि की रेती क्षेत्र में सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान एसएसपी ने अभियान की कमान संभालते हुए बिना हेलमेट पीछे बैठने वाली सवारियों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए और उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित सफर का संदेश दिया। एसएसपी चौबे ने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाली सवारी के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। हेलमेट केवल चालान से बचने का जरिया नहीं बल्कि जीवन बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनने के साथ परिवार और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर सीओ नरेंद्र नगर सुरेंद्र सिंह भंडारी, सीओ यातायात तनुजा बिष्ट, थाना प्रभारी मुनि की रेती प्रदीप चौहान, यातायात उपनिरीक्षक विपिन बिष्ट मौजूद रहे।