जौलीग्रांट हेलीपैड से केदारनाथ-बदरीनाथ के लिए रुद्राक्ष एविएशन के एमआई 17 हेलिकॉप्टर सेवा के पहले दिन 40 लोगों ने दोनों धामों के लिए उड़ान भरी।
रविवार को रुद्राक्ष एविएशन के हेलिकॉप्टर ने 20 श्रद्धालुओं को लेकर जौलीग्रांट हेलीपैड से उड़ान भरी। इससे पहले संबंधित कंपनी के अधिकारियों और पायलट आदि ने हेलीपैड पर पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं की सफल यात्रा के लिए प्रार्थना की।
रविवार को पहले फेरे में सुबह करीब साढ़े सात बजे 20 यात्रियों को लेकर हेली ने बदरी केदार के लिए उड़ान भरी। इन 20 श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ और केदारनाथ दोनों के दर्शन किए। जबकि दूसरे फेरे में भी कुल 20 यात्री जौलीग्रांट से केदारनाथ रवाना हुए। इस तरह जौलीग्रांट से कुल 40 श्रद्धालु दो धामों के लिए रवाना हुए। कंपनी प्रबंधक पीके छाबरी ने कहा कि मौसम साफ रहने पर प्रतिदिन कम से कम दो फेरे लगाए जाएंगे।
-
पहली उड़ान में 20 यात्री और दो फेरों में कुल 40 यात्री जौलीग्रांट से रवाना हुए हैं। जिनमें से 20 ने दोनों धामों के दर्शन कर लिए हैं। जबकि दूसरे फेरे के 20 यात्रियों ने केदारनाथ के दर्शन कर लिए हैं। उन्हें बदरीनाथ के दर्शन कराकर कल वापस जौलीग्रांट लाया जाएगा। - राज शाह, ऑपरेशन मैनेजर रुद्राक्ष एविएशन