ऋषिकेश। तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी वरुण चौधरी द्वारा आयोजित संभागीय परिवहन विभाग, नगर निगम, टैक्सी चालक परिचालकों व व्यापारियों के साथ अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि देशभर में कोरोना वायरस तेजी के साथ पांव पसार रहा है। इससे उत्तराखंड भी अछूता नहीं है। महाकुंभ 2021 के दौरान यात्रियों व पर्यटकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन के साथ नागरिकों की भी है। उन्होंने कहा कि जो ग्राहक दुकान में बिना मास्क के सामान लेने आएगा, उसे साफ कहना पडे़गा कि मास्क नहीं तो सामान नहीं। निगम अधिकारियों से कहा कि वह खुले स्थलों के साथ कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए होटल, धर्मशालाओं, मोहल्लों को पूरी तरह से सैनिटाइज करवाएं। इसी के साथ एआरटीओ को निर्देशित किया कि ऋषिकेश से चारधाम यात्रा पर चलने वाले सभी प्रकार के वाहनों को भी सैनेटाइज किया जाए। बैठक में राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक नरेंद्र सिंह तोमर, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, टैक्सी चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल रावत, फायर स्टेशन अधीक्षक सुनील सिंह रावत, टीजीएमओ के उपाध्यक्ष यशपाल राणा, तहसीलदार रेखा आर्य, एआरटीओ अरविंद पांडे, नगर निगम सहायक आयुक्त विनोद लाल, नरेंद्र वर्मा आदि मौजूद थे।