भारतीय किसान यूनियन टिकैत ग्रुप से जुड़े किसानों ने दिल्ली पुलिस के दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के विरोध में कोतवाली डोईवाला का घेराव कर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। शनिवार को जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह खालसा के नेतृत्व में किसान गन्ना समिति परिसर में एकत्रित हुए। नारेबाजी करते हुए कोतवाली पहुंचे और दिल्ली में पुलिस द्वारा की गई लाठीचार्ज को लेकर आक्रोश जताया। सुरेन्द्र सिंह खालसा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखने वाले छात्र-छात्राओं पर बल प्रयोग किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। गन्ना समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह ने कहा कि जिस प्रकार से विद्यार्थियों पर लाठियों से प्रहार किया गया, वह अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। ब्लाॅक प्रमुख गौरव सिंह और किसान नेता मनोज नौटियाल ने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों और भविष्य की आवाज उठा रहा है। अजीत सिंह प्रिंस, सुरजीत सिंह, रणजीत सिंह बॉबी, हरिकिशोर, अनूप मोहन, अशोक कुमार, लवली, परमजीत सिंह आदि मौजूद रहे।