खराब मौसम: दून आ रही चार उड़ानें दिल्ली, अमृतसर और लखनऊ हुई डाइवर्ट
जौलीग्रांट। खराब मौसम के कारण विभिन्न शहरों से देहरादून आ रहीं चार उड़ानों को दिल्ली, अमृतसर और लखनऊ के लिए डाइवर्ट किया गया। एयर इंडिया की दिल्ली से आने वाली फ्लाइट को सुबह 10:20 पर देहरादून एयरपोर्ट पर उतरना था लेकिन खराब मौसम के कारण आसमान में कई चक्कर काटने के बाद इस उड़ान को वापस दिल्ली के लिए डायवर्ट किया गया। इंडिगो की मुंबई से आने वाली उड़ान की लैंडिंग सुबह 11:00 बजे प्रस्तावित थी। यह उड़ान भी आसमान में कई चक्कर काटने के बाद अमृतसर के लिए डायवर्ट कर दी गई। वहीं, इंडिगो की जयपुर से आने वाली 11:25 पर प्रस्तावित उड़ान को अमृतसर के लिए डायवर्ट कर दिया गया। वहीं, एयर इंडिया की मुंबई से आने वालर उड़ान को लखनऊ के लिए डायवर्ट करना पड़ा। रविवार की सुबह आसमान में हल्के बादल छाए हुए थे लेकिन 10 बजे के आसपास मौसम ने करवट ली और झमाझम बारिश शुरू हो गई। मौसम खराब होने से पहले सुबह के वक्त इंडिगो जयपुर, इंडिगो दिल्ली और एयर इंडिया मुंबई निर्धारित समय पर उतरी। मौसम खराब होने पर आने वाली उड़ानें डायवर्ट हुईं। शाम को मौसम साफ होने के बाद डायवर्ट हुई एयर इंडिया की उड़ान शाम चार बजे वापस एयरपोर्ट पहुंची। वहीं, इंडिगो की मुंबई और जयपुर की डायवर्ट की गई उड़ानें भी दोपहर दो बजे बाद एयरपोर्ट पहुंची।