बिजली चोरी के आरोप में ऊर्जा निगम ने 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में ऊर्जा निगम के अवर अभियंता श्याम सुंदर ने शिकायत दी। बीते 15 दिसंबर को डीएम की जन सुनवाई के दौरान बिजली चोरी का मामला उठा था। जिस पर अब ऊर्जा निगम बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चला कर कार्रवाई कर रहा है। बीते बुधवार को बैराज स्थित सिंचाई विभाग की काॅलोनी में विजिलेंस के साथ अभियान चलाते हुए 10 लोगोंं को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया था। अवर अभियंता श्याम सुंदर ने बताया कि बुधवार को दोपहर करीब पौने एक बजे बैराज काॅलोनी में विभाग और विभागीय सतर्कता टीम की ओर से जांच की गई थी। कुछ लोगों की ओर से बिजली लाइन से सीधे केबल डालकर और मुख्य सर्विस केबल में कट लगाकर बिजली चोरी की जा रही थी। टीम ने अवैध कनेक्शन काटकर केबिल को कब्जे में ले लिया था। प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि शिकायत पर ममता पांडेय, संजय ठाकुर, मुकेश, अनूप कुमार, मुन्नी, रेखा, अवतार, सुरेश पुंडीर, सोनू, सुधांशु शेखर के खिलाफ विद्युत अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की है।