डोईवाला। शारदीय नवरात्र आज से शुरू हो रहे है। नवरात्र के लिए डोईवाला क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। बाजारों में त्योहार की रौनक दिखाई देने लगी है। श्रद्धालु माता के पूजा-अर्चना के लिए सामग्री की खरीदारी कर रहे है। वहीं, क्षेत्र के विभिन्न माता मंदिरों में भी नवरात्र की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। नवरात्र की खरीदारी के लिए डोईवाला के रेलवे रोड़, मिल रोड, देहरादून रोड और ऋषिकेश रोड़ के बाजारों में रौनक देखने को मिली। श्रद्धालु बाजारों में पूजन सामग्री, चुनरी, नारियल, कलश और व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की खरीदारी में जुटे रहे। श्रद्धालु नवरात्र में नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे। तमाम श्रद्धालु नौ दिनों तक उपवास लेकर माता की आराधना करेंगे। क्षेत्र के माता मणिमाई मंदिर लच्छीवाला, माता नलोंवाली देवी वनवाह मारखम ग्रांट, माता भद्रकाली नकरौंदा, माता बालासुंदरी थानों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और पूजन किया जाएगा। पंडित रमेश डंडरियाल ने बताया कि रविवार से शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो रहे है। श्रद्धालु विधानपूर्वक पूजन करें।