बेटे की खातिर पिता ने देहरादून कराया अपना ट्रांसफर
- जल निगम कोटद्वार में कार्यरत हैं मृतक के पिता
- पिता कार में और पुत्र स्कूटी से जा रहे थे देहरादून
बेटे की खातिर पिता ने देहरादून कराया था अपना ट्रांसफर
महेश पंवार
रायवाला/कोटद्वार हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर छिद्दरवाला रेड लाइट के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय अनिकेत गुसाईं की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बेटे की बेहतर देखरेख और पढ़ाई के लिए पिता दीपक गुसाईं ने अपना तबादला जल निगम कोटद्वार से देहरादून कराया था। परिवार भी देहरादून में रहने लगा था। बेटे के साथ हुए हादसे ने पिता के सभी सपनों को चकनाचूर कर दिया। जानकारी के अनुसार, अनिकेत अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ देहरादून जा रहा था। माता-पिता और बहन कार में सवार थे, जबकि अनिकेत स्कूटी से उनके साथ आगे-पीछे चल रहा था। छिद्दरवाला के पास अचानक डंपर की टक्कर से अनिकेत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। अनिकेत उत्तरांचल यूनिवर्सिटी, देहरादून में बीसीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और परिवार का बड़ा बच्चा था। बेटे की पढ़ाई और भविष्य को लेकर पिता ने अपना कार्यस्थल तक बदल लिया था, लेकिन एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अनिकेत की मौत से कोटद्वार के नगर निगम क्षेत्र के शिवराजपुर में भी शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार के बाद परिजन कोटद्वार लौट रहे हैं। पार्षद दीपक पाठक ने बताया कि हादसे से पूरा परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।