डोईवाला। अखिल भारतीय किसान सभा की मंडल बैठक में बुधवार को गन्ना समिति के किसान भवन में देहरादून के गांधी पार्क में 23 अक्तूबर को होने वाले धरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर चर्चा हुई। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देशभर के जिला मुख्यालयों में होने वाले प्रदर्शनों के तहत एसआईआर प्रक्रिया समाप्त करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई जाएगी। किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रसाद देवली ने आंदोलन को मजबूत करने पर जोर दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष गंगाधर नौटियाल ने मतदाता सूचियों से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने पर चिंता जताते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सवाल बताया। जिला सचिव पुरुषोत्तम बडोनी, मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह और सचिव याकूब अली ने किसानों की आवाज बुलंद करने के लिए समन्वय की आवश्यकता बताई।भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह खालसा और समाजवादी पार्टी के फुरकान अहमद कुरैशी ने आंदोलन को समर्थन दिया। बैठक में जाहिद अंजुम, मलकीत सिंह, जसबीर सिंह, बलबीर सिंह बिंदा, गुरुचरण सिंह, जगजीत सिंह, प्रेम पाल, नरेंद्र सिंह और गुलाम अली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।