डोईवाला। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में चोरों ने तोड़फोड़ कर कक्षाओं की बिजली की तारों को चुरा लिया। इससे बिजली गुल होने पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को मजबूरन गर्मी के बीच पढ़ाई करनी पड़ रही है। कोतवाली अंतर्गत डोईवाला के रेलवे स्टेशन के सामने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डोईवाला में चोरों ने विद्यालय की संपति को क्षति पहुंचाने के साथ बिजली की वायरों को चुरा लिया। इसके कारण कक्षाओं में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सोमवार की सुबह विद्यालय पहुंचे शिक्षकों ने पुलिस को चोरी की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय सभासद सुनीता सैनी ने बताया कि पूर्व में भी असामाजिक तत्वों ने विद्यालय के सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त किया था। पुलिस से निगरानी बढ़ाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अज्ञात चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।