शिवपुरी जाजल मोटरमार्ग के मध्य में सात किलोमीटर भाग में वन विभाग का पेंच फंसने के कारण अब ग्रामीणों ने आरपार की लड़ाई का एलान किया है। ग्रामीणों ने 10 मार्च से जाजल बाजार में क्रमिक अनशन करने का निर्णय लिया है। इस बाबत स्थानीय निवासियों की ओर से प्रशासन को अवगत कराया गया है।
शिवपुरी जाजल मोटरमार्ग की लंबाई करीब 23 किलोमीटर है। यह मोटरमार्ग शिवपुरी से धौड़यागल्या और जाजल से ब्यासी (हड्डीसेरा) तक कट चुका है। इस मार्ग के बीच में ब्यासी (हड्डीसेरा) से धौड़यागल्या तक करीब सात किलोमीटर मोटरमार्ग वन भूमि में काटा जाना है। भूमि नरेंद्रनगर वन प्रभाग की है।
सात किलोमीटर रोड कटवाने के लिए स्थानीय लोग अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के कई चक्कर काट चुके हैं, लेकिन वन विभाग से कटिंग के लिए क्लीयरेंस नहीं मिला। अब ग्रामीणों ने 10 मार्च को जाजल में क्रमिक अनशन करने का निर्णय लिया है। स्थानीय निवासी दिनेश राणा ने बताया अब सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने आरपार की लड़ाई का एलान किया है। कहा कि इस सड़क के निर्माण से नरेंद्रनगर विकासखंड की दोगी, धमांदस्यूं, धारअक्रिया, कुजणी पट्टी के ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।