नरेंद्र नगर। श्रीदेव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय में डॉ. अमित राय ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) का पदभार संभाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक में ओपीडी-आईपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ाने, पात्र मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। डॉ. राय ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन और गायनेकोलॉजिस्ट के रिक्त पद भरने, लेप्रोस्कोपी ऑपरेशन शुरू कराने और अनावश्यक रेफरल रोकने के प्रयास किए जाएंगे। डॉ. राय ने कहा कि उनका उद्देश्य अस्पताल के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाना है ताकि क्षेत्र की जनता को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से अस्पताल के विकास में सहयोग की अपील भी की।