देहज उत्पीड़न के आरोप में रायवाला पुलिस ने महिला की तहरीर पर उसके पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
थाना रायवाला पुलिस के मुताबिक प्रतीतनगर निवासी एक महिला ने लिखित तहरीर देकर बताया कि उसका विवाह मार्च 2020 मुजफ्फरनगर के पुरकाजी निवासी मोहसिन से हुआ था। शादी में पिता ने पांच लाख रुपये के साथ ही दुपहिया वाहन और अन्य सामान दिया था। आरोप है कि इसके बाद भी पति, सास, ससुर और ननद दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करते हैं। मारपीट कर उसके पिता के पुरकाजी स्थित मकान को अपने नाम कराने का दबाव बनाते हैं। महिला ने बताया कि आरोपियों की मांग पर उसके पिता ने एक लाख 70 हजार रुपये और दिए, लेकिन मकान नाम कराने को लेकर पति और सुसराल के पक्ष के लोग उसको प्रताड़ित करते रहे। हाल ही में पति और सुसराल पक्ष के लोगों ने उससे मारपीट करते हुए उसकी नौ महीने की बच्ची को भी छीनकर पटक दिया था और उसे घर से निकाल दिया था। उनका कहना था कि अब घर आएगी तो कार लेकर ही आएगी। थानाध्यक्ष कुलदीप पंत ने बताया कि नामजद तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति मोहसिन, सास नईमा, ससुर शकील और ननद नसरीन के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।