आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर आधारित एक दिवसीय शैक्षिक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में विभिन्न विद्यालयों के करीब 110 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। गोष्ठी में शिक्षकों ने नई शिक्षा नीति के शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं व्यवहारिक पक्षों पर विचार विमर्श किया। प्रधानाचार्य विजय बडोनी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति शिक्षकों को केवल विषयवस्तु पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माता के रूप में स्थापित करती है। प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कहा कि इस प्रकार की संगोष्ठियां शिक्षकों को नई शिक्षा नीति को व्यवहार में उतारने की प्रेरणा देती हैं और विद्यालयी शिक्षा को नई ऊंचाइयों तक ले जाती हैं।विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेंद्र खुराना ने कहा कि नई शिक्षा नीति शिक्षकों को केवल पढ़ाने वाला नहीं, बल्कि मार्गदर्शक बनने की प्रेरणा देती है। पंकज मिश्रा, जयेंद्र रमोला, अनीता भट्ट, वीरेंद्र कंसवाल आदि ने विचार व्यक्त किया।