ऋषिकेश। ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने सीवरेज परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर एसके वर्मा के साथ बैठक कर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। वर्मा ने बताया कि तीन पैकेजों में कार्य जारी है, एक की टेंडर प्रक्रिया चल रही है और एक शासन स्तर पर लंबित है। विधायक अग्रवाल ने तीनों संचालित पैकेजों में तेजी लाने तथा देहरादून रोड, प्रगति विहार, हरिद्वार रोड, खदरी, बापूग्राम और बीस बीघा सहित सीवरेज कार्य पूर्ण हो चुके क्षेत्रों की खोदी गई सड़कों का पुनर्निर्माण इसी माह के अंत तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा, ताकि स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।