केंद्रीय विद्यालय आईडीपीएल में नए सत्र के लिए कक्षा एक में प्रवेश नहीं दिए जा रहे हैं। जिससे केंद्रीय विद्यालय के बंद होने की आशंका जताई जा रही है। इसको लेकर अभिभावकों ने तहसील में प्रदर्शन किया और बच्चों को कक्षा एक में प्रवेश देने की मांग की। केंद्रीय विद्यालय आईडीपीएल में कक्षा एक में प्रवेश दिए जाने की मांग के लिए बुधवार को अभिभावक और सामाजिक कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। यहां कक्षा एक में प्रवेश की मांग के लिए प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने कहा कि कक्षा एक में प्रवेश न दिए जाने से विद्यालय के बंद होने का आशंका प्रबल हो गई है। कुछ दिन पूर्व यहां आयोजित चुनावी जनसभा में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आईडीपीएल केंद्रीय विद्यालय को बंद न किए जाने की बात कही थी। अभिभावकों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने यहां प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर तहसीलदार के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन सौंपने वालों में अनीता कोटियाल, वंदना डोभाल, आशा रौथाण, शिखा, पूजा, दीप्ति चौहान, उषा अमोला, उषा आदि मौजूद रहे।