आईडीपीएल स्थित केंद्रीय विद्यालय को भूमि हस्तांतरित किए जाने की मांग के लिए हरिद्वार सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र सौंपा है। पत्र की एक प्रतिलिपि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को भी भेजी गई है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा ने इस संबंध में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से हस्तक्षेप की मांग की थी। पत्र में हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत ने लिखा है कि आईडीपीएल में केंद्रीय विद्यालय के भवन का निर्माण 1978 में किया गया थ। तब से यहां केंद्रीय विद्यालय का संचालन किया जा रहा है। लेकिन अब आईडीपीएल बंद होने पर उक्त भवन काे खाली करवाने एवं स्कूल भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग की जा रही है। उक्त भूमि वन विभाग की है और यहां विद्यालय सुचारू रूप से चल रहा है। भूमि में कोई पेड़ भी नहीं है। लेकिन विद्यालय को भूमि हस्तातंरण न होने के कारण केंद्रीय विद्यालय संगठन ने यहां कक्षा एक में प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी है। जिससे स्थानीय निवासियों में आक्रोश है।सांसद त्रिवेंद्र रावत ने वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से विद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण किए जाने की मांग की है। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा ने कहा कि विद्यालय में करीब 1400 से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। कहा कि वह विद्यालय के लिए संघर्षरत हैं।