दून एयरपोर्ट पर एयरपोर्ट प्रशासन रात्रि पार्किंग शुरू कर सुबह जल्दी उड़ानें शुरू करना चाहता है। लेकिन फिलहाल किसी भी एयरलाइंस ने रात्रि पार्किंग में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। जबकि एयरपोर्ट पर सभी सुविधाएं मौजूद हैं। एयरपोर्ट पर विमानों की पार्किंग क्षमता को बढ़ाकर 20 तक कर दिया गया है।
प्रदेश सरकार ने भी अपनी तरफ से पहल करते हुए इस पर वैट को घटाकर 26 से घटाकर दो प्रतिशत तक कर दिया है। इसके बावजूद अभी तक किसी भी विमानन कंपनी ने देहरादून एयरपोर्ट पर रात्रि पार्किंग में कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई है। विमानों की रात्रि पार्किंग से तड़के उड़ानें शुरू की जा सकती हैं। जबकि वर्तमान में एयरपोर्ट पर सुबह नौ बजे के बाद ही फ्लाइटों की आवाजाही शुरू होती है।
पिछले दिनों एयरपोर्ट पर सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें इस बिंदू पर भी चर्चा हुई थी। संबधित एयरलाइंस अधिकारियों को कहा गया था कि वो अपने मुख्यालय में इस संबंध में चर्चा करें। तड़के उड़ानें संचाचित होने से हवाई यात्रियों के साथ ही एयरपोर्ट को काफी लाभ मिलेगा। इससे एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही की संख्या में भी इजाफा होगा।
विभिन्न शहरों की करीब 16 उड़ानें पहुंचती हैं एयरपोर्ट
दून एयरपोर्ट पर देश के विभिन्न शहरों की करीब 16 उड़ानें प्रतिदिन आवाजाही करती हैं। इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस आदि कंपनियां उड़ानें संचालित करती हैं। चार्टर्ड विमानों की आवाजाही अलग है।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड: प्रदेश के मदरसों में अब शुक्रवार को नहीं होगी छुट्टी, अन्य विद्यालयों की तरह लागू होगी व्यवस्था
--एयरपोर्ट पर पार्किंग क्षमता में वृद्धि हुई है। प्रदेश सरकार ने विमानों की पार्किंग पर टैक्स भी कम किया है। फिलहाल विमानों की रात्रि पार्किंग नहीं होती है। संभावना हैं कि नए शेड्यूल में उड़ानों की संख्या में इजाफा हो सकता है। तभी कुछ कहा जाएगा।- अनिल मस्ताना, कार्यवाहक निदेशक