ऋषिकेश। दो दिन पूर्व कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गंगा में नहाते समय गंगा में डूबे युवक के शव को बुधवार को बैराज जलाशय से बरामद किया गया। कोतवाली पुलिस ने बताया कि शिवा एस (34) निवासी चेन्नई तमिलनाडु अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। सर्वानंद घाट के पास नहाने के दौरान अचानक वह गंगा में डूबने लगा। घटना के बाद उसके दोस्त ने परिजनों को सूचना दी। इस पर युवक के परिजनों ने कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। मंगलवार को जल पुलिस ने युवक की तलाश को साईं मंदिर घाट से बैराज तक सर्च ऑपरेशन चलाया। बुधवार की सुबह भी सर्च अभियान चलाया गया। दोपहर के वक्त बैराज जलाशय में जल पुलिस और आपदा प्रबंधन दल ने एक शव बरामद किया। इसकी पहचान गंगा में डूबे शिवा के रूप में की गई। शव को थाना लक्ष्मण झूला पुलिस के सुपुर्द किया गया है।