- कई व्यक्तियों के मूल दस्तावेज मौके पर मिले
- एसडीएम ने कार्रवाई के लिए डीएम को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। वीरपुर खुर्द पशुलोक क्षेत्र में एसडीएम योगेश मेहरा ने एक कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर सेंटर को सील कर दिया गया। इसके संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिखा गया है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि ऋषिकेश के वीरपुर खुर्द पशुलोक स्थित कॉमन सर्विस सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कॉमन सर्विस सेंटर के बाहर लगे बोर्ड पर सीएससी संचालक का नाम विभा नामदेव लिखा गया था। जबकि संचालन की आईडी मनीषा नामदेव के नाम से है। सीएससी केंद्र से निर्गत प्रमाणपत्रों से संबंधित पंजिका नहीं बनाई गई थी। सीएससी सेंटर में विभिन्न व्यक्तियों के मूल दस्तावेज काफी संख्या में पाए गए, जिनमें आधार कार्ड, राशन कार्ड, श्रम कार्ड आदि शामिल थे। एसडीएम ने बताया कि उक्त दशा में मूल दस्तावेजों के दुरुपयोग की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। सीएससी सेंटर में बीपीएल सर्वेक्षण 2002 से संबंधित खाली कार्ड भी पाए गए। इस संबंध में सीएससी संचालक कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। उन्होंने बताया कि अग्रिम आदेशों तक सीएससी संचालन पर रोक लगा दी गई है। सीएससी संचालक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिखा गया है।