पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में लावारिस हालत में मिले एक पर्स में पाकिस्तान की आईडी मिलने से हड़कंप मच गया। तत्काल हरकत में आई पुलिस और खुफिया विभाग ने जांच पड़ताल की। बताया गया कि पर्स के मालिक को ढूंढ लिया गया है। मामला संदिग्ध नहीं है।
सोमवार दोपहर पालिका सभासद अशोक पासवान दो साथी बलवीर, अरविंद भंडारी के साथ किसी काम से पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में गए थे। रास्ते में उन्हें एक पर्स लावारिस हालत में मिला। स्वामी तक पहुंचाने के लिए पर्स खोलकर कागजात देखने पर उनके होश उड़ गए। पर्स के अंदर भारतीय ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड और एक पाकिस्तान की आईडी पाकिस्तान की थी।
सभासद आईडीपीएल चौकी पहुंचे और पर्स पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की आईडी देख पुलिस ने स्थानीय अभिसूचना को सूचित किया।
कोतवाली प्रभारी पंकज पोखरियाल ने बताया कि जिसका पर्स है वह पाकिस्तानी शरणार्थी है और पिछले कई साल से तीर्थनगरी में रह रहा है। अस्थायी तौर पर उसे भारतीय नागरिकता मिली हुई है। प्रथम दृष्टया छानबीन में मामला संदिग्ध नहीं है। फिर भी पुलिस एहतियात बरतेगी।