तेज रफ्तार कार ने एआरटीओ के सामने खड़ी कार को टक्कर मारने के बाद एक स्कूटर को भी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटर सवार समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां स्कूटर सवार की हालत देख उसे हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
रविवार दोपहर हरिद्वार बाईपास मार्ग पर एआरटीओ के बाहर खड़ी दिल्ली नंबर की एक कार में दो महिलाएं सवार थीं, जबकि चालक किसी काम से एआरटीओ में गया था। इसी दौरान नटराज चौक की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने खड़ी कार को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खड़ी कार का अगला भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कार में सवार सम्मीलता (56) पत्नी राम कुमार, नोलिन (32) पत्नी नीलेश नंदन निवासी सेक्टर-56, नागलोई, स्वर्ण पार्क, नई दिल्ली घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के दौरान एक स्कूटर भी आपस में भिड़ी कारों की चपेट में आ गया और स्कूटर सवार उमेश सेठी (55) पुत्र अमरनाथ निवासी आदर्श नगर, ऋषिकेश गंभीर घायल हो गया।
घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालात गंभीर होने पर स्कूटर सवार को जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया। जौलीग्रांट इमरजेंसी के मुताबिक घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है। कार कब्जे में ले ली है।