ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। तीन माह पूर्व हथियार के दम पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना सूरज पुत्र विजेंद्र सिंह निवासी बी-171 बैराज कॉलोनी आईडीपीएल ऋषिकेश को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि कमलदीप पुत्र रणधीर सिंह निवासी एम्स अस्पताल ऋषिकेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि बीती 31 अक्तूबर की रात को तीन लोगों ने आम बाग सिंचाई विभाग गेट के समीप धारदार हथियार उनकी गर्दन पर रख उनसे स्कूटी यूके-14सी-6068, मोबाइल, एटीएम कार्ड व 1800 नकद लेकर फरार हो गए।
कोतवाली पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का मुकदमा पंजीकृत किया था। लूट की घटना वाली रात को रायवाला के समीप सड़क दुर्घटना में आरोपी विशाल आहूजा पुत्र बलराम आहूजा निवासी बैराज कॉलोनी ऋषिकेश की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य आरोपी विशाल शर्मा पुत्र दयानंद शर्मा निवासी बैराज कॉलोनी ऋषिकेश को पुलिस ने कुछ माह पूर्व गिरफ्तार कर लिया गया था। तब से लूट की घटना का मुख्य आरोपी सूरज फरार चल रहा था। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि बृहस्पतिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट का आरोपी अपने घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बृहस्पतिवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।