ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे अवैध निर्माणों को सील करने का आदेश दिया गया है। इस कार्रवाई के तहत तीन अवैध निर्माणों पर कार्रवाई का डंडा चला है। यह जानकारी एचआरडीए के सचिव केके मिश्रा ने दी। सचिव ने बताया कि अवैध निर्माण के तहत मुनिकीरेती स्थित पायल गेस्ट हाउस, कोयल घाटी स्थित राफ्ट फाउंडेशन का कार्य और हरिद्वार-देहरादून मार्ग पर खांड गांव रायवाला में आरसीसी कालमों के निर्माण के विरुद्घ कार्रवाई की गई है।
एचआरडीए के निरीक्षण अभियान के दौरान निर्माणकर्ताओं से स्वीकृतिपत्र और मानचित्र तलब किया गया। दस्तावेज न दिखा पाने के कारण सभी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस जारी होने के बाद आरोपी सुनवाई में नहीं पहुंचे। लिहाजा विभाग की ओर से माना गया कि आरोपियों को अपने पक्ष में कुछ नहीं कहना है। इसी क्रम में एचआरडीए की ओर से तीनों अवैध निर्माणों को सील करने का आदेश जारी किया गया है। सचिव ने बताया कि मंगलवार को सीलिंग की तिथि तय की जाएगी।