ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
मुनिकीरेती पुलिस ने क्षेत्र में अवैध नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर दो तस्करों को एक किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष मुनिकीरेती राम किशोर सकलानी ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुनिकीरेती आस्थापथ कैलाश गेट में दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े मिले। तलाशी में दोनों के पास से 500-500 ग्राम चरस बरामद हुई। इसकी सूचना नरेंद्र नगर तहसीलदार दयाल सिंह भंडारी को दी गई। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर पुष्टि की। चरस तस्करों की पहचान विजयपाल पुत्र मंगल सिंह निवासी ग्राम बड़ी लाम थाना भगवान पुर जिला हरिद्वार और सागर पुत्र कदम सिंह निवासी रसूल पुर टोड़िया थाना बुग्गावाला जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। तस्करों को पकड़ने वाली टीम में कैलाश गेट चौकी प्रभारी विकेंद्र कुमार, कांस्टेबल विपिन सैनी, घनश्याम, सचिन रावत शामिल रहे। उप निरीक्षक विकेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी विजय पाल पूर्व में भी थाना कलियर व थाना रानीपुर जिला हरिद्वार से चरस तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।