महानगर कांग्रेस कमेटी ने उक्रांद नेता व वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी त्रिवेंद्र सिंह पंवार सहित दो अन्य व्यक्तियों की सड़क दुर्घटना में असमय मृत्यु पर रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही ईश्वर से पुण्य आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है। दिवंगत त्रिवेंद्र पंवार का संघर्ष राज्य के लिए सर्वविदित है। उनके राज्यहित के कार्यों को सदैव याद किया जाएगा। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राकेश सिंह व जयेंद्र रमोला ने कहा कि त्रिवेंद्र पंवार ने राज्य निर्माण के लिए अपने संघर्षों की बदौलत आंदोलन को एक नई दिशा दी थी। इस मौके पर मदन मोहन शर्मा, शैलेंद्र बिष्ट, प्रदीप जैन, अरविंद जैन, महंत विनय सारस्वत, ललित मोहन मिश्र, अंशुल त्यागी आदि मौजूद रहे।