- विहिप पदाधिकारी ने बांग्लादेश के आंदोलन से जुड़े बयान पर की कार्रवाई की मांग
ऋषिकेश। अखिल भारतीय विद्यार्थी संघ (आईसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के विभाग समरसता प्रमुख नरेश उनियाल ने ऋषिकेश कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट को शिकायती पत्र सौंपकर आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को प्रसारित वीडियो में नेहा बोरा बांग्लादेश के जेन-जी आंदोलन का उल्लेख करते हुए भारत में युवाओं के आंदोलनों की तुलना उससे करती नजर आ रही हैं। आरोप है कि उन्होंने बांग्लादेश के आंदोलन को लोकतांत्रिक और मतदान संबंधी अधिकारों से जुड़ा बताते हुए वहां के युवाओं को भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। नरेश उनियाल ने इसे देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए वीडियो की सत्यता, संदर्भ और उद्देश्य की जांच की मांग की है। उन्होंने बांग्लादेश में वर्ष 2024 के सत्ता परिवर्तन के दौरान हुई हिंसा और हिंदू समुदाय पर हमलों का उल्लेख करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है।