डोईवाला। नगर क्षेत्र में व्यावसायिक पेयजल कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को अब पानी की खपत के अनुसार बिल का भुगतान करना होगा। जल संस्थान की ओर से व्यावसायिक पेयजल कनेक्शनों पर मीटर लगाने की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। शुरुआती चरण में करीब 150 व्यावसायिक कनेक्शनों पर मीटर लगाया जा रहा है। अब तक डोईवाला नगर क्षेत्र में व्यावसायिक पेयजल कनेक्शनों के बिल बिना मीटर के निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वसूले जा रहे थे। ऐसे में उपभोक्ताओं की वास्तविक जल खपत का आकलन नहीं हो पा रहा था। मीटर के अभाव में व्यावसायिक कनेक्शनधारक पेयजल का जमकर उपयोग भी कर रहे थे। अब जल संस्थान ने इस व्यवस्था में बदलाव की पहल करते हुए व्यावसायिक कनेक्शनों पर मीटर लगाने शुरु कर दिए है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद दुकानदारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक उपभोक्ताओं के यहां पानी की खपत मीटर के माध्यम से दर्ज की जाएगी। इसी के आधार पर पेयजल बिल भी तैयार किया जाएगा। इससे पानी की खपत और बिल के बीच सीधा संबध स्थापित होगा। जल संस्थान डोईवाला के अपर सहायक अभियंता विनोद असवाल ने बताया कि व्यावसायिक पेयजल कनेक्शनों पर मीटर लगाए जाने की व्यवस्था शुरू हो गई है। शुरुआती चरण में अनुमानित 150 व्यावसायिक कनेक्शनों पर मीटर लगाया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को जागरूक करने और पेयजल की अनावश्यक बर्बादी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।