बोले- पांच राज्यों में होने वाले चुनावी सर्वे रिपोर्ट से घबराई भाजपा
नगर कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों ने रक्षाबंधन से पहले घरेलू गैस सिलिंडर के दाम घटाने को चुनावी शिगूफा बताया है। कहा कि पांच राज्यों में होने वाले चुनाव पूर्व सर्वे रिपोर्ट को देखकर भाजपा घबराई हुई है। इसलिए लोगों को चुनावी तोहफा देना पड़ा।
सोमवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में जनता महंगाई से त्रस्त है। तीन महीने पहले व्यावसायिक सिलिंडर के दाम 350 रुपये और घरेलू गैस सिलिंडर के दाम 50 रुपये बढ़ाए थे। अब लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही एकदम 200 रुपये घटाकर बहनों को राखी का तोहफा देने की बात कहकर गुमराह किया जा रहा है।
उन्होंने मेयर पर चार साल पहले चुनाव घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। कहा कि चुनावी घोषणापत्र में गोविंदनगर स्थित कूड़े के पहाड़ हटाने को प्राथमिकता में शामिल किया गया था। लेकिन स्थानीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और मेयर की आपसी लड़ाई में कूड़े का पहाड़ नहीं हट पाया। जहां कूड़ा शिफ्ट किया जाना था वहां पर विधायक ने धरने पर लोगों को बिठाया है।