रामनवमी पर नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न माता मंदिरों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए गए। भगवान श्रीराम का अभिषेक भी किया गया। घरों में श्रद्धालुओं ने कन्याओं को हलवा पूरी खिलाकर चुनरी ओढ़ाई। रविवार को डोईवाला के माता मणिमाई मंदिर, खैरी स्थित माता नलों वाली देवी मंदिर, नकरौंदा गूलरघाटी स्थित प्राचीन भद्रकाली माता मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर मिल रोड में सुबह से ही देवी दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। अग्रवाल धर्मशाला परिसर स्थित मंदिर में नवरात्र पर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। पंडित रमेश डंडरियाल ने बताया कि विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने से माता प्रसन्न हो जाती हैं। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, पंकज शर्मा, कैलाश मित्तल, आनंद गुप्ता, मनोज प्रजापति, दिव्या, प्रवीण, रवि प्रजापति, सोनू गोयल, राहुल मित्तल, सुनील जायसवाल, सुशील जायसवाल, गौरव गुप्ता आदि मौजूद थे। उधर, नगर के विभिन्न मंदिरों में महिलाओं की ओर से भजन कीर्तन भी किए गए।उधर, प्रसिद्ध सिद्ध पीठ मनइच्छा मंदिर रानीपोखरी में नवमी के दिन हरियाली काटकर पूजा-अर्चना और यज्ञ किया गया। भक्तों को रोट, नारियल और हलुए का प्रसाद दिया गया। इसके बाद भंडारे की शुरुआत हुई। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष नरेंद्र चौहान, मंदिर के महंत हर्षमणि नौटियाल, राजेश जोशी, गौरव सेमवाल, शैलेंद्र तोमर आदि उपस्थित रहे।