जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर स्वागत करने पहुंचे सीएम धामी समेत कई दिग्गज नेता
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का देहरादून एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत प्रदेश के अन्य नेताओं ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ स्वागत किया। नड्डा रविवार सुबह करीब साढे नौ बजे विशेष चार्टर्ड विमान से दिल्ली से देहरादून जौलीग्रांट पहुंचे।
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पुष्पगुच्छ देकर उनका अभिनंदन किया। एयरपोर्ट के बाहर पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ कार्यकर्ताओं ने नड्डा का स्वागत किया। जिसके बाद नड्डा का काफिला एयरपोर्ट से हरिद्वार रवाना हुआ। जहां उन्होंने बैठक में प्रतिभाग किया। एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में शहरी विकास एवं वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज, गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश रावत, हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, देहरादून मेयर सुनील गामा, ऋषिकेश मेयर अनीता मंमगाई, जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता शाह आदि शामिल रहे।
कार्यकर्ता करते रहे इंतजार, नहीं रुका काफिला
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत करने के लिए कार्यकर्ता सुबह से फूल-मालाएं और पार्टी के झंडे लेकर खड़े रहे। सुबह 10.37 बजे नड्डा का काफिला जौलीग्रांट चौक की तरफ आया, लेकिन कहीं नहीं रुका। इससे कार्यकर्ता निराश दिखे।