रानीपोखरी क्षेत्र के अंतर्गत बड़कोट ग्रामसभा के डांडी, बड़कोट, दुजियावाला आदि क्षेत्रों में आंगनबाड़ी की लाभार्थी महिलाओं को फोन कॉल के माध्यम से ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। थाना रानीपोखरी की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया।
पुलिस ने बताया कि दुजियावाला गांव की लाभार्थी सविता भंडारी से 11 हजार 800 रुपए की ठगी की गई। अन्य लाभार्थी को भी साइबर ठग फोन कर रहे हैं। बताया कि ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य खुद को बाल विकास विभाग के कर्मचारी या स्वास्थ्यकर्मी बताकर फोन करते हैं। जिसके बाद पीएमएमवीवाई की लाभार्थी महिला से उसके आधार कार्ड का नंबर या खाते आदि की जानकारी लेकर उसके खाते से पैसे निकाल रहे हैं। सब इंस्पेक्टर विक्रम नेगी ने कहा कि फोन पर किसी को भी कोई जानकारी नही देनी चाहिए।
दुजियावाला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजेश्वरी जोशी ने कहा कि अभी तक गांव के करीब 30 लोगों के पास यह फ्रॉड कॉल आ चुकी हैं। थानाध्यक्ष उत्तम रमोला ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी महिलाओं को साइबर ठगाें की ओर से शिकार बनाया जा रहा है। इसलिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजेश्वरी जोशी, एएनएम वर्षा रावत, सरिता राणा, आराधना, कोमल, किरन, आरती, पूजा, डोभाल, आंचल बिष्ट, सरिता, सुधा कपरुवाण, पूनम आदि उपस्थित रहे।