नीलकंठ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक काकड़ मृत अवस्था में मिला। सूचना पर वन विभाग लालढांग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने काकड़ के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वन दरोगा दाताराम ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह 7 बजे की है। काकड़ के शव का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सालय मोहन चट्टी में किया गया। जांच में काकड़ की गर्दन पर दांत और पैर पर चोट के निशान पाए गए हैं। इससे गुलदार के हमले की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट 2 दिन बाद आएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही काकड़ के मरने के सही कारण का पता चल पाएगा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद वन विभाग की टीम काकड़ के शव को लालढांग ले जाकर नियमानुसार दफना दिया। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।