राजकीय चिकित्सालय में इलाज कराते घायल संदीप और पिंटू।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। देहरादून ऋषिकेश मार्ग पर जाखन नदी पर रानीपोखरी के पुल के अचानक धंसने से वाहन समेत नीचे गिरे संदीप और पिंटू ने कहा एक बार ऐसा लगा कि मौत आई, लेकिन जैसे ही उन्होंने लोडर की खिड़की खोली, नदी से ऊपर आने के लिए टूटी रेलिंग का सहारा लिया तो लगा कि दूसरी जिंदगी मिल गई। इस दौरान लोडर चालक पिंटू (30) पुत्र प्रधान चौहान निवासी अखाड़ा मोहल्ला देहरादून ने बताया कि वह और क्लीनर संदीप (19 वर्ष) राम सिंह निवासी इंदिरा कॉलोनी चक्कू मोहल्ला देहरादून दुर्घटना में घायल हो गए थे। चालक पिंटू ने बताया कि शुक्रवार को 11 बजकर बजे लोडर में बेकरी का सामान ऋषिकेश पहुंचाने के लिए जा रहे थे। जैसे वह रानीपोखरी का मोटरपुल पार करने वाले थे तभी पुल का एक हिस्सा अचानक बैठ गया। उनसे आगे एक लोडर और एक कार चल रही थी, जो आगे बढ़ गए थे। उनका वाहन मुंह के बल टूटे हिस्से में फंस कर तिरछा हो गया, जबकि आगे बढ़े एक कार और एक लोडर पुल के दूसरे हिस्से की ओर से पीछे की ओर लुढ़क गए। इसमें एक वाहन पलट गया। पिंटू और संदीप ने बताया कि एक बार उनके सामने मानो मौत आकर खड़ी हो गई थी। किसी तरह से वाहन से बाहर निकले तो लगा कि दूसरी जिंदगी मिल गई है। डॉक्टरों ने दोनों की हालत हालत खतरे से बाहर बताई।