डोईवाला। शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के तहत एसडीएम डोईवाला रहीं पीसीएस अधिकारी अपर्णा ढौंडियाल को चीनी मिल का नया अधिशासी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया गया है। वहीं, निवर्तमान ईडी अजयवीर सिंह का तबादला टिहरी कर दिया गया है। अपर्णा ढौंडियाल लंबे समय से डोईवाला में एसडीएम के पद पर कार्यरत थीं और क्षेत्र से परिचित हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब नया गन्ना पेराई सत्र शुरू होने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। ऐसे में मिल की व्यवस्थाओं और पेराई सत्र के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी उनके सामने होगी। अचानक हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं हैं, जबकि स्थानीय लोगों ने अपर्णा ढौंडियाल की नियुक्ति पर खुशी जताई है।