पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज आईडीपीएल वीरभद्र परिसर में देर रात असामाजिक तत्वों की ओर से तोड़फोड की गई। विद्यालय में लगे शीशों और गमलों को पत्थर मारकर तोड़ा गया। साथ ही प्रधानाचार्य कक्ष के बाहर भी पत्थरबाजी की गई। प्रधानाचार्य ने इस संबंध में आईडीपीएल चौकी में शिकायत दी है।घटना के बाद विद्यालय परिसर में अभिभावक संघ की एक आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें तोड़फोड़ की घटना की घोर निंदा की गई। प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने अभिभावकों को घटना की विस्तृत जानकारी दी। कहा कि कुछ अनुशासनहीन बच्चों के कारण विद्यालय के समस्त बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ नहीं कर सकते हैं। विद्यालय प्रशासन को कठोर निर्णय लेने होंगे। संघ की अध्यक्ष मंजू देवी ने कहा कि कुछ बच्चों के कारण विद्यालय की गरिमा को ठेस पहुंचती है, तो कठोर निर्णय लेना आवश्यक है। कहा कि प्रधानाचार्य अपने स्तर से जो भी निर्णय लेंगे वह समस्त अभिभावकों को मान्य होगा। निर्णय लिया गया कि घटना की जांच के लिए पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई जानी चाहिए और इसकी निष्पक्ष जांच हो। जो भी इस घटना में लिप्त पाए जाते हैं उनके खिलाफ कठोर से कठोर निर्णय लेना आवश्यक है। इस अवसर पर विजयपाल सिंह, अनूप वशिष्ठ, ललित मोहन जोशी, सुशील सैनी, हरेंद्र सिंह राणा, ऋषिराम उनियाल, नीरजा करनवाल आदि मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक आरएस खोलिया ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है।