लिफ्ट मांगकर बाइक और मोबाइल लूट के आरोपी भी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी नशामुक्ति केंद्र में भर्ती हो गया था।
प्रभारी निरीक्षक विनोद गुंसाई ने बताया कि बालावाला निवासी प्रदीप डिमरी ने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि उनका पुत्र ईशांक डिमरी 22 मार्च को बालावाला में क्रिकेट मैच देखकर देर रात घर लौट रहा था। लिफ्ट लेने के बहाने दो लोगों ने कुआंवाला में उसकी बाइक और मोबाइल लूट लिया। पुलिस मामले के एक आरोपी अभिषेक थापा निवासी निर्मल बस्ती कुआंवाला को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसके पास से लूटी गई बाइक बरामद की गई थी। 27 मार्च को पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी सुखदेव उर्फ सुखी निवासी निर्मल बस्ती कुआंवाला को भी गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक विनोद गुंसाई ने बताया कि सुखदेव गिरफ्तारी से बचने के लिए नशामुक्ति केंद्र प्रयास सेवा समिति नकरौंदा हर्रावाला में भर्ती हो गया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने निर्माणाधीन प्लाट की दीवार में छिपाए गए मोबाइल फोन को बरामद कर लिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया।