छात्रसंघ चुनाव का आगाज, एबीवीपी ने तेज किया सदस्यता अभियान
ऋषिकेश। छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों के बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने छात्र-छात्राओं से संपर्क अभियान तेज कर दिया है। वैभव रावत के नेतृत्व में कई छात्र-छात्राओं को संगठन की सदस्यता दिलाई गई। विवि परिसर में छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें संगठन की विचारधारा और छात्रहित से जुड़े मुद्दों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान युवाओं ने संगठन से जुड़ने में उत्साह दिखाया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के एबीवीपी से जुड़ने से संगठन मजबूत होने का दावा किया गया। वैभव रावत ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रहित की आवाज को मजबूत करने का अवसर है। युवाओं को साथ लेकर छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और कॉलेज में सकारात्मक एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। संवाद