- एसडीआरएफ ने युवती को सुरक्षित नीलकंठ मार्ग तक पहुंचाया
ढालवाला। थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र के अंतर्गत गरुड़चट्टी से आगे नीलकंठ मार्ग पर एक बड़ा हादसा बच गया। पहाड़ी से नीचे नदी के बहाव क्षेत्र में फंसी हिसार, हरियाणा की एक युवती को एसडीआरएफ की टीम ने अपनी त्वरित सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकाला। नीलकंठ मार्ग पर गरुड़चट्टी से आगे एक युवती अचानक पहाड़ी से फिसलकर नीचे नदी के बहाव क्षेत्र के पास जा फंसी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसडीआरफ की रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई, जो आवश्यक उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि युवती पहाड़ी से काफी नीचे नदी के पास सहमी हुई अवस्था में फंसी मिली और अत्यधिक भयभीत थी। जवानों ने साहस और पेशेवर कौशल का परिचय देते हुए रोप रेस्क्यू तकनीक का उपयोग किया। जवान सुरक्षित तरीके से पहाड़ी से नीचे उतरकर युवती तक पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले युवती को मानसिक रूप से ढांढस बंधाया और उसका हौसला बढ़ाया। इसके बाद, कड़े सुरक्षा उपायों के बीच उसे सुरक्षित रूप से पहाड़ी के ऊपर नीलकंठ मार्ग तक पहुंचाया गया। सुरक्षित बाहर निकालने के बाद युवती को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। युवती की पहचान विदिशा 24 वर्ष, पुत्री निवासी हिसार, हरियाणा के रूप में हुई है।