I
Iदोपहिया वाहनों को आस्था पथ से होते हुए जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट की ओर किया डायवर्टI
थाना मुनि की रेती अंतर्गत जानकीसेतु के समीप एक ट्रक आस्था पथ पर फंस गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को वहां से निकाला गया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। व्यवस्था के तौर पर थाना पुलिस ने कई दोपहिया वाहनों को आस्था पथ से होते हुए जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट की ओर डायवर्ट किया।
शुक्रवार दोपहर को पूर्णानंद में जानकीसेतु के समीप लकड़ी से भरा एक ट्रक आस्था पथ की ओर रवाना हुआ। ट्रक ने आस्था पथ के किनारे बने एक टाल पर लकड़ियां खाली की। लकड़ियों को खाली करने के बाद जैसे ही ट्रक वापस आने लगा, इस दौरान आस्था पथ पर खड़े अन्य चौपहिया वाहनों के कारण ट्रक को मोड़ने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिला। जगह कम होने के कारण ट्रक पुल के एक छोर पर दोनों ओर से फंस गया।
इस दौरान स्वर्गाश्रम जाने वाले दोपहिया वाहनों का पूर्णानंद पार्किंग में जमावड़ा लग गया। वहीं स्वर्गाश्रम की ओर आने वाले दोपहिया वाहनों का जानकीसेतु में लंबी लाइन लग गई। उसके बाद स्वर्गाश्रम से आने वाले वाहनों को आस्था पथ होते हुए जीएमवीएन गंगा रिजॉर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को वहां से निकाला गया। हैरत की बात है कि थाना मुनि की रेती की ओर से जानकी सेतु के समीप एक चौकी बनाई गई है। लेकिन पुलिस कर्मचारियों की उदासीनता का खामियाजा पर्यटक और स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ता है।
प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती रितेश शाह ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो आस्था पथ और आसपास पुलिस कर्मचारियों के जवान तैनात किए जाएंगे।